Wednesday, 18 February 2026

महामंडलेश्वर श्री सुरेन्द्रानंद गिरि महाराज ने अभावग्रस्त जाटव समाज के व्यक्ति को दिया नया घर

 महामंडलेश्वर श्री सुरेन्द्रानंद गिरि महाराज ने अभावग्रस्त जाटव समाज के व्यक्ति को दिया नया घर


डिबाई (के.पी. सिंह चौहान)। तहसील क्षेत्र के रामघाट में रहने वाले गुड्डू जाटव, जो अब तक झोपड़ी में अत्यंत विषम और दयनीय परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे थे, उनके जीवन में उस समय एक नई आशा की किरण प्रकट हुई जब महामंडलेश्वर श्री सुरेन्द्रानंद गिरि महाराज ने मानवीय करुणा, सामाजिक दायित्व और सेवा भावना का परिचय देते हुए उन्हें नवीन पक्का आवास बनवाकर प्रदान किया।


गुड्डू जाटव अपने छोटे-छोटे बच्चों, पत्नी एवं वृद्ध मां के साथ लंबे समय से घोर आर्थिक अभाव और असुरक्षित आवासीय स्थिति में जीवन व्यतीत कर रहे थे। जब महामंडलेश्वर जी इस स्थिति से अवगत हुए तो उन्होंने स्वयं स्थल पर पहुंचकर वास्तविक परिस्थितियों का अवलोकन किया और तत्काल नवीन आवास निर्माण का संकल्प लिया। उनकी पहल पर अल्प समय में घर का निर्माण पूर्ण कराया गया।

बुधवार को नव-निर्मित आवास का विधिवत लोकार्पण फीता काटकर संपन्न हुआ। इस अवसर पर गुड्डू जाटव का परिवार भावुक दिखाई दिया—वृद्ध मां की आंखों में कृतज्ञता के आंसू और चेहरे पर संतोष की मुस्कान, वहीं बच्चों के चेहरों पर सुरक्षित भविष्य की आशा स्पष्ट रूप से झलक रही थी।

कार्यक्रम के दौरान पूरे जाटव समाज ने महामंडलेश्वर महाराज का फूलों से भव्य स्वागत किया तथा उनके इस पुनीत, प्रेरणादायी और समाजोपयोगी कार्य के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। यह आयोजन केवल एक गृह-प्रवेश कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदना, मानवीय मूल्यों और सेवा परंपरा का सजीव उदाहरण बन गया।

इस अवसर पर थाना रामघाट प्रभारी संदीप सिंह पुलिस बल के साथ उपस्थित रहे। साथ ही समाज के गणमान्य नागरिकों में नितिन शर्मा, निखिल बजरंगी, रामू शर्मा, नेक्सा जाटव, नन्नू जाटव, कल्लू जाटव, महेश जाटव, यादराम जाटव सहित जाटव समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संपूर्ण वातावरण सामाजिक एकता, मानवीय करुणा, सहयोग और सेवा भावना से ओतप्रोत दिखाई दिया।

यह पहल न केवल एक परिवार के जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा लेकर आई, बल्कि समाज के लिए यह संदेश भी छोड़ गई कि सच्ची साधना और धर्म वही है, जो मानव सेवा में प्रकट हो।

Wednesday, 4 February 2026

प्रतिबंधित खनन को चुनौती दे रहा नगला खेड़ा व नगला के खेतों में खनन माफियाओं का आतंक

 प्रतिबंधित खनन को चुनौती दे रहा नगला खेड़ा व नगला के खेतों में खनन माफियाओं का आतंक


कई हजार घन मीटर मिट्टी का अवैध खनन, किसानों की उपजाऊ भूमि बर्बाद

डिबाई (केपी सिंह चौहान)।

तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम लेदर खेड़ा एवं भूड़ का नगला के खेतों में खनन माफियाओं का आतंक चरम पर है। क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा है, जिससे किसानों की उपजाऊ कृषि भूमि पूरी तरह क्षतिग्रस्त होती जा रही है।

स्थानीय किसानों का आरोप है कि खनन माफिया जेसीबी मशीनों,किढढ़ा टैक्टर व ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से रात्रि के समय खेतों से कई हजार घन मीटर मिट्टी निकाल रहे हैं। खेतों में गहरे-गहरे गड्ढे बन जाने से खेती करना लगभग असंभव हो गया है। कई स्थानों पर खेत तालाब का रूप ले चुके हैं, जिससे आने वाले समय में कृषि संकट और गहराने की आशंका है।

ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन की शिकायतें कई बार राजस्व एवं खनन विभाग से की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस व प्रभावी कार्यवाही नहीं हुई। कार्यवाही न होने से खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। विरोध करने पर किसानों को दबाव, धमकी और भय का सामना करना पड़ रहा है।

इस अवैध खनन से न केवल किसानों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है, बल्कि भू-क्षरण, जलभराव, जलस्तर असंतुलन और पर्यावरणीय क्षति जैसी गंभीर समस्याएं भी उत्पन्न हो रही हैं। खनन स्थलों के आसपास के किसानों की मेढ़ की मिट्टी गड्ढों में गिर जाने से भूमि का सीमांकन बिगड़ रहा है, जिससे खेतों का रकबा प्रभावित हो रहा है और आए दिन आपसी विवाद व झगड़े की स्थिति बन रही है।

ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी भारी रोष है कि सरकार द्वारा प्रतिबंधित खनन के बावजूद खुलेआम ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी ढोकर सड़कों के किनारे व कालोनियों के प्लांटों में भराव किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण सड़कों की हालत बद से बदतर होती जा रही है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी बुलंदशहर से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कराकर खनन की पैमाइश घन मीटर के हिसाब से कराई जाए तथा नियमों के अनुसार भारी जुर्माना और सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में कृषि और सामाजिक संकट और भी गहरा सकता है।

महामंडलेश्वर श्री सुरेन्द्रानंद गिरि महाराज ने अभावग्रस्त जाटव समाज के व्यक्ति को दिया नया घर

 महामंडलेश्वर श्री सुरेन्द्रानंद गिरि महाराज ने अभावग्रस्त जाटव समाज के व्यक्ति को दिया नया घर डिबाई (के.पी. सिंह चौहान)। तहसील क्षेत्र के र...