Tuesday, 28 July 2026

2027 मिशन की तैयारी में जुटी कांग्रेस, बूथ से ग्राम स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर,

 2027 मिशन की तैयारी में जुटी कांग्रेस, बूथ से ग्राम स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक, संगठन विस्तार और छात्र हितों के मुद्दों पर हुई चर्चा


डिबाई (केपी सिंह चौहान )। मंगलवार को नगर अध्यक्ष सिराज अहमद के आवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों, संगठन विस्तार तथा बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के मुख्य अतिथि कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर राकेश भाटी रहे, जबकि विधानसभा प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष (कोऑर्डिनेटर) ज्ञानेंद्र सिंह राघव भी मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए ठाकुर राकेश भाटी ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बूथ, ग्राम, न्याय पंचायत और मंडल स्तर पर संगठन को सक्रिय किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शीघ्र ही ग्राम अध्यक्षों एवं न्याय पंचायत स्तर पर मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव-2027 में पार्टी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतर सके।


बैठक में छात्र हितों से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया गया। पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर राकेश भाटी ने दावा किया कि नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सड़क से संसद तक किए गए आंदोलन और संघर्ष के दबाव के कारण केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के अधिकारों और न्याय के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

जिला उपाध्यक्ष एवं विधानसभा प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह राघव ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र गौतम, राष्ट्रीय सचिव एवं सह-प्रभारी प्रदीप नरवाल तथा प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देशन में संगठन को गांव-गांव तक सशक्त बनाया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष सिराज अहमद ने की तथा संचालन ज्ञानेंद्र सिंह राघव ने किया। इस अवसर पर सभासद एवं जिला सचिव हिम्मत सिंह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अनवर चौहान, जिला उपाध्यक्ष आनंद शर्मा, पंचायती राज राजीव गांधी विभाग के पूर्व जिलाध्यक्ष,ब्लॉक अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह राघव, जिला सचिव राजेंद्र शर्मा सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ईशनपुर के डॉ. राम सिंह बने भारत सरकार में ग्रुप 'ए' वैज्ञानिक, विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने किया सम्मानित

 ईशनपुर के डॉ. राम सिंह बने भारत सरकार में ग्रुप 'ए' वैज्ञानिक, विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने किया सम्मानित


डिबाई(केपी सिंह चौहान)। तहसील क्षेत्र के ग्राम ईशनपुर निवासी युवा वैज्ञानिक डॉ. राम सिंह का भारत सरकार के अधीन तमिलनाडु स्थित प्रतिष्ठित संस्थान में ग्रुप 'ए' राजपत्रित अधिकारी (वैज्ञानिक/सहायक प्रोफेसर) के पद पर चयन होने पर क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर ग्राम ईशनपुर में आयोजित सम्मान समारोह में क्षेत्रीय विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।


विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर वैज्ञानिक बनने का सफर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि डॉ. राम सिंह ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जिससे पूरे डिबाई क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।

डॉ. राम सिंह ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जियोमैग्नेटिज्म, मुंबई से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने इसरो में पोस्ट-डॉक्टोरल शोध किया। साथ ही दक्षिण कोरिया में रिसर्च साइंटिस्ट तथा पुसान नेशनल यूनिवर्सिटी में शोधकर्ता के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में उनका चयन भारत सरकार के अधीन तिरुनेलवेली (तमिलनाडु) में वैज्ञानिक (Scientist/Assistant Professor) के पद पर हुआ है।

समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि डॉ. राम सिंह की सफलता ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरक उदाहरण है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर यह सिद्ध कर दिया कि लगन और मेहनत से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

इस अवसर पर नरोरा चेयरमैन प्रतिनिधि किताब सिंह, डिबाई ब्लॉक प्रमुख पति अनार सिंह, मंडल महामंत्री होशियारी सिंह, मंडल महामंत्री रज्जन लोधी, ग्राम प्रधान मंगल सिंह, प्रेम सिंह, महिपाल सिंह, छत्रपाल सिंह, राहुल लोधी, के.पी. सिंह, सुरेंद्र प्रधान, प्यारेलाल वर्मा,राजवीर सिंह (प्रधान), नत्थू सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Monday, 27 July 2026

राष्ट्रीय विप्र विद्वत् परिषद, जनपद बागपत की नई कार्यकारिणी के सदस्यों का हुआ शपथ ग्रहण समारोह

 राष्ट्रीय विप्र विद्वत् परिषद, जनपद बागपत की नई कार्यकारिणी के सदस्यों का हुआ शपथ ग्रहण समारोह


बागपत (विवेक जैन)। राष्ट्रीय विप्र विद्वत् परिषद, जनपद बागपत की नई कार्यकारिणी के गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन सोमवार को खेकड़ा नगर स्थित संतों के बाड़े के निकट दले राम की हवेली में संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कृष्ण स्वरूप ब्रह्मचारी जी ने शिरकत की। आयोजकों ने आये अतिथियों का माला व पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया। समारोह में संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, ब्राह्मण समाज के गणमान्य लोगों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर नवगठित कार्यकारिणी का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य राजकुमार शास्त्री ने नवगठित कार्यकारिणी को संगठन के सिद्धांतों, समाज सेवा, संस्कृति संरक्षण एवं राष्ट्रहित के कार्यों के प्रति पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई। नई कार्यकारिणी में आचार्य अंबे प्रसाद कौत्स जिला अध्यक्ष ने नीलू शास्त्री एवं मोहित शास्त्री को जिला उपाध्यक्ष, अनिल कुमार गौनियाल को कोषाध्यक्ष तथा नरेंद्र दीक्षित को जिला महामंत्री का दायित्व सौंपा। इसके उपरान्त सभी को शपथ दिलायी गयी। समारोह में आये राष्ट्रीय पदाधिकारियों, ब्राह्मण समाज के गणमान्य लोगों व अतिथियों ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रणव योगी जी, राष्ट्रीय सचिव प्रवीण पुलतस्य जी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष आचार्य उमेश कौशिक जी, 360 ब्राहमण समाज सर्वखाप चौधरी नरेश शर्मा सहित सैंकड़ो ब्राहमण व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Monday, 6 July 2026

न्यूज़ इंडिया न्यूज़ चैनल के पत्रकार पुनीत शर्मा को पितृ शोक, क्षेत्रवासियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

न्यूज़ इंडिया न्यूज़ चैनल के पत्रकार पुनीत शर्मा को पितृ शोक, क्षेत्रवासियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

डिबाई(केपी सिंह चौहान)। नगर के मोहल्ला चौक, दुर्गा प्रसाद निवासी वरिष्ठ समाजसेवी, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष एवं जनप्रिय व्यक्तित्व तेजपाल शर्मा 'पंडाजी' का लगभग 85 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही नगर एवं आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके आवास पर अंतिम दर्शन एवं शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक और पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी पहुंचे।


तेजपाल शर्मा 'पंडाजी' अपने सादगीपूर्ण जीवन, सहज एवं मिलनसार स्वभाव तथा समाज सेवा के प्रति समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित थे। उन्होंने सामाजिक सद्भाव, जनसेवा और मानवीय मूल्यों को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी। अपने विनम्र व्यवहार और जनसंपर्क के कारण उन्होंने नगर के लोगों के बीच विशिष्ट पहचान बनाई। उनके निधन को क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। दिवंगत तेजपाल शर्मा 'पंडाजी' के पुत्र एवं न्यूज इंडिया न्यूज़ चैनल के पत्रकार पुनीत शर्मा को पितृ वियोग पर अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, पत्रकारों, शुभचिंतकों तथा क्षेत्रवासियों ने गहरी संवेदना व्यक्त की। शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

भीमपुर दोराहे पर हुआ यात्रा का समापन, छात्र-छात्राओं ने तिरंगे के साथ बढ़ाया उत्साह

  दानपुर से निकली विशाल तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब,देशभक्ति के रंग में रंगा क्षेत्र भीमपुर दोराहे पर हुआ यात्रा का समापन, छात्र-छात्राओ...