डिबाई (केपीसिंह चौहान)। कांग्रेस पार्टी के नगर व ब्लॉक पदाधिकारियों, नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उपाध्यक्ष/कोऑर्डिनेटर ज्ञानेंद्र सिंह राघव के नेतृत्व में नवनियुक्त प्रभारी निरीक्षक डिबाई विशाल प्रताप सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र की विभिन्न जन समस्याओं से अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान ज्ञानेंद्र सिंह राघव ने प्रभारी निरीक्षक से कहा कि वे बिना किसी भेदभाव के सत्ता, विपक्ष, जाति एवं धर्म से ऊपर उठकर संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करें तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को त्वरित न्याय दिलाने का कार्य करें। उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत करने एवं पीड़ितों को शीघ्र राहत देने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष सिराज अहमद, ब्लॉक अध्यक्ष डिबाई योगेश प्रताप सिंह राघव, सभासद एवं पूर्व जिला सचिव हामिद अली, ब्लॉक अध्यक्ष दानपुर पवन कुमार, पूर्व जिला सचिव रविंद्र लोधी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दानपुर सत्य प्रकाश शर्मा, हिम्मत सिंह लोधी एवं मंडल अध्यक्ष रिंकू कुमार सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए प्रभारी निरीक्षक को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि वह अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता के साथ करेंगे तथा जाति, धर्म और राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर अपराध नियंत्रण एवं जन समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को समस्या होने पर वह दिन-रात संपर्क कर सकता है और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। इस पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका आभार व्यक्त किया।


