डिबाई (केपी सिंह चौहान)। नगर में सोमवार को गो सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं गौभक्तों ने तहसील परिसर पहुंचकर उपजिलाधिकारी को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान 11 हजार हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र भी सौंपा गया, जिसमें गौ माता के सम्मान एवं संरक्षण को लेकर विभिन्न मांगें उठाई गईं।
अभियान में शामिल लोगों ने जोरदार नारों के साथ अपनी मांगों को बुलंद किया। कार्यकर्ताओं ने “गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दो”, “गौ हत्या बंद करो, केंद्रीय कानून लागू करो”, “गौ माता राष्ट्र की शान है, भारत की पहचान है”, “एक ही नारा, एक ही काम—गौ नंदी को मिले सम्मान” जैसे नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। ज्ञापन में मांग की गई कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिया जाए, देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने हेतु कठोर केंद्रीय कानून लागू किया जाए तथा गौवंश संरक्षण के लिए प्रभावी योजनाएं संचालित की जाएं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं, इसलिए उनके संरक्षण हेतु ठोस कदम उठाना समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर ग्रीश बजरंगी, सचिन बजरंगी,ज्ञानेश वार्ष्णेय, धीरज वार्ष्णेय, रवि, भूप्रकाश बजाज, योगेश वर्मा, जीतू बजरंगी, हरेंद्र कुमार, राहुल बजरंगी, नरेंद्र कुमार, अरुण कुमार, रेखा लोधी, ममता, सुशील, खजान, गुलशन, दुष्यंत कुमार, छत्रपाल सिंह लोधी सहित टीम बजरंगी के दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ तथा प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के बाद कार्यकर्ताओं ने सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।


No comments:
Post a Comment