जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने दिए सख्त निर्देश—निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी
डिबाई(केपीसिंह चौहान)। तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। जिले का कार्यभार संभालने के बाद यह जिलाधिकारी का पहला तहसील दिवस रहा, जिसमें उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विभिन्न गांवों और कस्बों से आए लोगों द्वारा कुल 142 शिकायतें दर्ज कराई गईं जिसमें 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर राहत प्रदान की गई, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना चाहिए और किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, आपूर्ति, समाज कल्याण तथा पंचायत विभाग से संबंधित विभिन्न समस्याएं सामने आईं। फरियादियों ने भूमि विवाद, रास्ता अवरोध, जल निकासी, राशन कार्ड, पेंशन और कानून व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी मधुप कुमार, पुलिस विभाग के अधिकारी, लेखपालगण एवं तहसील स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने अंत में चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि जनता को समय पर न्याय मिल सके।
