शनिदेव जन्मोत्सव पर शिव शक्ति मंदिर में हुआ भव्य धार्मिक आयोजन, विशाल भंडारे में भक्तों ने किया प्रसाद ग्रहण
डिबाई (केपीसिंह चौहान)। नगर के मोहल्ला सराय किशन चंद स्थित शिव शक्ति मंदिर में श्री शनि सेवक मंडल के सौजन्य से शनिदेव जन्मोत्सव बड़े श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों एवं भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल शनिदेव अभिषेक, विधि-विधान से हवन-पूजन एवं मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। इसके उपरांत संकटमोचन हनुमानजी को श्रद्धापूर्वक चोला अर्पित किया गया। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
दोपहर के समय कन्या पूजन एवं लागुरा का आयोजन किया गया, जिसमें छोटी बालिकाओं का पूजन कर उन्हें प्रसाद एवं उपहार भेंट किए गए। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को भगवान शनिदेव को छप्पन भोग अर्पित कर भव्य आरती उतारी गई।
रात्रि में आयोजित भजन संध्या में भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर भगवान शनिदेव एवं हनुमानजी के जयकारे लगाते रहे।
इस अवसर पर आयोजक समस्त श्री शनि सेवक मंडल के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में मंडल के कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।




No comments:
Post a Comment