Wednesday, 29 April 2026

किसानों की समस्याओं को लेकर अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान

किसानों की समस्याओं को लेकर अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) 4 मई से डिबाई तहसील पर करेगी प्रदर्शन, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

डिबाई (केपीसिंह चौहान)। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों ने किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर डिबाई तहसील क्षेत्र में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की घोषणा की है। संगठन ने 4 मई 2026 से तहसील परिसर में धरना शुरू करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया।


यूनियन पदाधिकारियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद किसानों की मूल समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। खेतों में आवारा पशुओं और बंदरों के आतंक से फसलें बर्बाद हो रही हैं, जबकि जर्जर विद्युत लाइनें किसानों के लिए खतरा बनी हुई हैं। इसके अलावा लाइन वृद्धि और विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से सिंचाई कार्य भी प्रभावित हो रहा है।

स्मार्ट मीटरों को लेकर भी ग्रामीणों और किसानों में भारी नाराजगी है। किसानों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में अनावश्यक बढ़ोतरी हुई है तथा मीटर सही रीडिंग नहीं दे रहे हैं। किसानों ने पुराने मीटर दोबारा लगाए जाने और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग उठाई है।

ज्ञापन में खतौनी में गलत नाम दर्ज होने, चकमार्गों एवं भूमि पर अवैध कब्जों, सड़कों पर भट्टों द्वारा मिट्टी डालने से दुर्घटना की आशंका, नरौरा परमाणु ऊर्जा संयंत्र क्षेत्र में बिजली व स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, नहरों एवं बंबों में समय से पानी न आने तथा सरकारी कांटों पर गेहूं खरीद न होने जैसी समस्याएं भी प्रमुखता से उठाई गई हैं।

प्रशासन की ओर से किसानों की मांगों पर विचार करने तथा स्मार्ट मीटरों की जांच कराने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि किसान नेताओं ने साफ कहा है कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। ज्ञापन पर तहसील अध्यक्ष अभय सिंह, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र फौजी, ब्लॉक अध्यक्ष ललित बघेल (नारायणपुर), जमाल खान, ओमवीर सिंह, श्यामवीर सिंह, जगदीश सिंह सहित कई पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।

No comments:

Post a Comment

2027 मिशन की तैयारी में जुटी कांग्रेस, बूथ से ग्राम स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर,

 2027 मिशन की तैयारी में जुटी कांग्रेस, बूथ से ग्राम स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक, संगठन विस्तार और छात्र ...