Saturday, 17 January 2026

छात्राओं ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव, खो-खो प्रतियोगिता में जिला स्तर पर द्वितीय स्थान

 छात्राओं ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव, खो-खो प्रतियोगिता में जिला स्तर पर द्वितीय स्थान


डिबाई (केपी सिंह चौहान)।
माय भारत द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन यमुनापुरम स्टेडियम, बुलंदशहर में किया गया। इस प्रतियोगिता में चेतराम हरियाणा इंटर कॉलेज, डिबाई की छात्राओं की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खो-खो प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय के साथ-साथ क्षेत्र का नाम भी रोशन किया।

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मी राज सिंह, नगर पालिका परिषद बुलंदशहर के अध्यक्ष तथा माय भारत के उपनिदेशक आकाश दीक्षित द्वारा प्रमाण पत्र, पदक, प्रतीक चिन्ह एवं टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान अतिथियों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के शारीरिक शिक्षक डॉ. रवि प्रकाश दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर जिला स्तर पर पहुंची छात्राओं ने भी अपने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया और खो-खो प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया। उन्होंने छात्राओं की कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास को इस सफलता का आधार बताया।

इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रबंध समिति, प्रधानाचार्य कृपाल सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने कहा कि विद्यालय में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आगे भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में आईं 55 शिकायतें, 2 का मौके पर निस्तारण

 सम्पूर्ण समाधान दिवस में आईं 55 शिकायतें, 2 का मौके पर निस्तारण


डिबाई (केपी सिंह चौहान)। तहसील सभागार में जिलाधिकारी श्रृति की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 55 शिकायतें फरियादियों द्वारा दर्ज कराई गईं। इनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस प्रशासन से संबंधित प्रकरणों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह ने उपस्थित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा पक्षपात को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक संख्या राजस्व विभाग से संबंधित मामलों की रही। इसके अतिरिक्त पुलिस, सिंचाई विभाग, वन विभाग, नगरपालिका, चिकित्सा एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं भी फरियादियों द्वारा अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न सर्किलों के क्षेत्राधिकारी (सीओ), थानाध्यक्ष, सिंचाई विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, चिकित्सा विभाग के अधिकारी, नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ), तहसीलदार सहित तहसील क्षेत्र के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाएगा, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित किया जा सके।

चौकी गंगाघाट का उद्घाटन, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में प्रशासन का सशक्त कदम

 चौकी गंगाघाट का उद्घाटन, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में प्रशासन का सशक्त कदम


डिबाई(के.पी.सिंह चौहान)। थाना रामघाट क्षेत्र अंतर्गत नवनिर्मित चौकी गंगाघाट का विधिवत लोकार्पण जिलाधिकारी श्रुति (आईएएस) द्वारा किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह (आईपीएस) की गरिमामयी उपस्थिति रही जिससे कार्यक्रम की महत्ता और बढ़ गई।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. तेजवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी प्रखर पांडे तथा थाना प्रभारी रामघाट संदीप कुमार भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण कर चौकी भवन का निरीक्षण किया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।


अधिकारियों ने कहा कि चौकी गंगाघाट के संचालन से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। अपराध नियंत्रण, त्वरित शिकायत निस्तारण तथा आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने में यह चौकी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह पहल शासन एवं पुलिस प्रशासन की जन-सुरक्षा, पारदर्शिता और उत्तरदायी पुलिसिंग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित पुलिसकर्मियों को शासन की मंशा के अनुरूप कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने, आमजन के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार रखने तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान नरौरा थाना प्रभारी गंगा प्रसाद आर्य, डिबाई थाना प्रभारी रवि रजत, डिबाई उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मनीष कुमार, चौकी गंगाघाट प्रभारी आशीष कुमार सहित स्थानीय नागरिक एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।

नवागंतुक सीओ मधुप कुमार सिंह ने संभाला कार्यभार, अवैध धंधों पर सख्ती के संकेत

 नवागंतुक सीओ मधुप कुमार सिंह ने संभाला कार्यभार, अवैध धंधों पर सख्ती के संकेत


डिबाई (केपी सिंह चौहान)। नवागंतुक क्षेत्राधिकारी (सीओ) मधुप कुमार सिंह ने शनिवार को औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपने सर्किल क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध धंधों में संलिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। अवैध खनन, जुआ-सट्टा, शराब तस्करी सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।सीओ मधुप कुमार सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं आपसी सौहार्द कायम रखने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्त, चेकिंग अभियान तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनकी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी, जिससे आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके। सीओ ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनता के साथ मित्रवत व्यवहार करते हुए कानून का निष्पक्ष एवं प्रभावी पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्यवाही की जा सके और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।

Saturday, 3 January 2026

बाबूजी कल्याण सिंह की जयंती पर 251 जरूरतमंदों को कंबल वितरित

बाबूजी कल्याण सिंह की जयंती पर 251 जरूरतमंदों को कंबल वितरित


डिबाई (के.पी. सिंह चौहान)। तहसील क्षेत्र के ग्राम उमरारी स्थित श्री लाल सिंह नारायणी देवी मेमोरियल हाई स्कूल में हिन्दू हृदय सम्राट, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बाबूजी कल्याण सिंह की जन्म जयंती के पावन अवसर पर सेवा, समर्पण और मानवता से ओत-प्रोत एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वर्गीय नारायणी देवी पत्नी लाल सिंह की पुण्य स्मृति में धन सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी विमला देवी तथा समस्त परिवार के सौजन्य से निर्धन, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को 251 कंबलों का वितरण किया गया। साथ ही आगंतुकों एवं जरूरतमंदों के लिए भोजन-प्रसादी की समुचित व्यवस्था भी की गई।


कंबल वितरण कार्यक्रम विद्यालय के संचालक पुनीत लोधी के नेतृत्व में सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य शीत ऋतु के दौरान गरीब एवं बेसहारा वर्ग को राहत प्रदान करना था। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों ने सहभागिता की और कंबल प्राप्त कर संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय प्रकाश मथुरिया द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।


इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष धन सिंह ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करना ही सच्ची मानवता और महान विभूतियों को दी जाने वाली वास्तविक श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि बाबूजी कल्याण सिंह ने अपने सम्पूर्ण जीवन में सामाजिक समरसता, राष्ट्रहित और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, जिनसे आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।


कार्यक्रम में विमला देवी, शंभू सिंह लोधी, भू-प्रकाश बजाज, बजरंग दल के योगेंद्र सिंह, ओंकार सिंह लोधी, मीनू सिंह, रीना सिंह, नरेंद्र सिंह, डोरी सिंह, देवेंद्र सिंह, संजय सिंह (प्रबंधक) सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर प्रसन्नता और संतोष स्पष्ट रूप से झलक रहा था। यह आयोजन सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदना और सेवा भावना का एक अनुकरणीय उदाहरण सिद्ध हुआ।

छात्राओं ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव, खो-खो प्रतियोगिता में जिला स्तर पर द्वितीय स्थान

 छात्राओं ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव, खो-खो प्रतियोगिता में जिला स्तर पर द्वितीय स्थान डिबाई (केपी सिंह चौहान)। माय भारत द्वारा आयोजित जनपद...