Monday, 1 June 2026

किसान पंचायत में अधिकारियों को किसानों ने सुनाई खरी खोटी

 दो दिन में किसानों को खाद नहीं मिला तो उग्र आंदोलन करने पर विवश होगी:भाकियू अराजनैतिक

किसान पंचायत में अधिकारियों को किसानों ने सुनाई खरी खोटी



किसान पंचायत के दौरान कई बार बीच-बीच में अधिकारी और किसानों के बीच में देखने को मिली तीखी नौकझोक

शिकारपुर (अशोक पाठक)। तहसील सभागार में सोमवार को भाकियू अराजनैतिक के बैनर तले किसानों की एक बैठक हुई। जिसमें किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर अधिकारियों से वार्तालाप एवं  मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपा गया। चौधरी कुलदीप गुड्डू के नेतृत्व में किसानों की समस्याएं सुनी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष मांगेराम त्यागी रहे ।इस कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह शिकारपुर तहसीलदार गौरव बिश्नोई शिकारपुर एसडीओ विद्युत विभाग बीडीओ  शिकारपुर सीएचसी प्रभारी शिकारपुर पहासू एग्रीकल्चर विभाग के अधिकारी कोऑपरेटिव के अधिकारी व अन्य कई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। किसानों की समस्याओं पर मीटिंग हॉल में बिंदुबार चर्चा की गई। जिसमें सोसाइटियों पर यूरिया की उपलब्धता एवं सभी किसानों को समय से यूरिया उपलब्ध कराया जाए गांवाे को 18 घंटे बिजली की आपूर्ति दी जाए ।जर्जर लाइन बदली हो 11000 की लाइन के नीचे जाल लगाया जाए। आवश्यकता पड़ने पर विद्युत पोल लगाया जाए ।ओवरलोड की शिकायत पर उपभोक्ता की समस्या का समाधान हो चेकिंग के नाम पर अवैध उगाई बंद हो। आवारा पशु गौशाला भेजे जाएं। लेखपाल कानूनगो के द्वारा जो प्राइवेट कर्मचारी रखे हुए हैं उनके द्वारा अवैध उगाई बंद हो। सरकारी अस्पताल में जो दवाई उपलब्ध हैं वह सरकारी अस्पताल से दी जाएं ।प्राइवेट मेडिकल स्टोर को ना लिखी जाए। दाखिल खारिज के नाम पर अवैध उगाई बंद हो समय सीमा पर दाखिल खारिज हो। साधन सहकारी समिति याकूबपुर पर खाद की उपलब्धता 2 दिन के अंदर कराई जाए। 10% विद्युत बिल पर जो सरकार ने बढ़ाया है पुन विचार कर वापस हो। गांव में सड़क नाली का निर्माण कराया जाए। शिकारपुर जहांगीराबाद मार्ग का निर्माण जल्द हो। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर उतरने चढ़ने के लिए बुलंदशहर बदायूं मार्ग पर रास्ता दिया जाए ।2026 - 27 के सर्किल रेट का लाभ उन किसानों को भी दिया जाए जिनकी जमीन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे में जा रही है। व अन्य समस्याओं को लेकर वार्तालाप की गई ।उप जिलाधिकारी  के द्वारा दो दिन के अंदर सभी खाद्य सोसाइटियों पर खाद्य की उपलब्धता का आश्वासन दिया व अन्य बिंदु पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया ।मांगेराम त्यागी ने कहा कि यदि उपरोक्त सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की गई तो उसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी ।कुछ अधिकारी जानबूझकर सरकार को बदनाम करने का कार्य कर रहे हैं ऐसे अधिकारियों की लिस्ट तैयार कर मुख्यमंत्री को दी जाएगी।इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राधेश्याम जितेंद्र चाहर ठाकुर प्रदीप गौड़ धीरज चौहान नरेंद्र राव नीतू चौधरी अनूप बाबा लाला चौधरी देवेंद्र सिंह संजय चौधरी पप्पू चौधरी अमित चौधरी रवि करण सिंह बच्चू सिंह ब्ले सिंह मनीष चौधरी विकास चौधरी सहित सैकड़ो किसान मौजूद रहे।

सफाई मित्र शिव कुमार को सेवानिवृत होने पर दी गई विदाई

 सफाई मित्र शिव कुमार को सेवानिवृत होने पर दी गई विदाई

शिकारपुर। (अशोक पाठक) सोमवार को नगर पालिका परिषद शिकारपुर के नियमित सफाई मित्र 


 शिवकुमार  अपनी दीर्घ एवं सराहनीय सेवाएँ प्रदान करने के उपरांत सेवानिवृत्त हुए। उनके सम्मान में सोमवार  को कार्यालय नगर पालिका परिषद शिकारपुर में एक गरिमामय विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी  नीतू सिंह  द्वारा शिवकुमार  को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर उन्हें भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी का चित्र, स्मृति स्वरूप भेंट किया गया तथा मिष्ठान देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। साथ ही शिवकुमार  को उनके भविष्य निधि (पी.एफ.) खाते में संचित धनराशि का ब्याज सहित भुगतान पत्र भी प्रदान किया गया। नगर पालिका परिषद शिकारपुर परिवार द्वारा  शिवकुमार की वर्षों की निष्ठापूर्ण, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए उनके सुखमय एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामनाएँ की गईं।

Sunday, 31 May 2026

ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत शिकारपुर पुलिस ने 3 घंटे में परिजनों से मिलाई ढाई वर्षीय मासूम



बाजार में मां से बिछड़ी बच्ची को मिशन शक्ति टीम ने सकुशल परिजनों को सौंपा, पुलिस की सराहना 

शिकारपुर। (अशोक पाठक) वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के अंतर्गत थाना शिकारपुर पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए मां से बिछड़ी ढाई वर्षीय बच्ची को मात्र तीन घंटे के भीतर खोजकर सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार थाना शिकारपुर पर नियुक्त मिशन शक्ति टीम बाजार क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान कस्बा शिकारपुर के मुख्य बाजार में एक लगभग ढाई वर्षीय बच्ची रोती हुई मिली। टीम द्वारा बच्ची से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी कम उम्र के कारण वह अपने परिजनों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी।

पुलिस टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की। अथक प्रयास और सतर्कता के चलते मिशन शक्ति टीम ने मात्र तीन घंटे के भीतर बच्ची के परिजनों का पता लगा लिया। जांच में पता चला कि बच्ची अपनी मां के साथ बाजार आई थी और भीड़भाड़ के दौरान उससे बिछड़ गई थी।

बाद में आवश्यक सत्यापन के उपरांत बच्ची को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बच्ची को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने शिकारपुर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की भूरि-भूरि प्रशंसा की। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के इस कार्य की सराहना की।

इस अभियान में प्रभारी निरीक्षक यज्ञदत्त शर्मा, निरीक्षक अपराध वीरेन्द्र कुमार, महिला उपनिरीक्षक दीप्ती तथा महिला कांस्टेबल दिव्या गुप्ता की विशेष भूमिका रही।

तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, पति घायल,

पूर्णिमा पर गंगा स्नान कर घर लौट रहे थे दंपति, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा


शिकारपुर(अशोक पाठक)। पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान कर घर लौट रहे बाइक सवार दंपति को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव गवां निवासी कुसुम देवी (40 वर्ष) पत्नी जगत सिंह, अपने पति के साथ अनूपशहर में गंगा स्नान कर बाइक से वापस घर लौट रही थीं। रविवार को अनूपशहर-शिकारपुर मार्ग पर कोतवाली शिकारपुर क्षेत्र के गांव अलैयाबाद के निकट शिकारपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपति सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने कुसुम देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल जगत सिंह का उपचार किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्शुयवाही शुरू की। इसके बाद महिला के शव को शिकारपुर के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां पंचनामा भरने की कार्यवाही पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

कस्बा चौकी प्रभारी दिलीप कुमार ने बताया कि मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी। तहरीर मिलने पर विधिक कार्यवाही करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

इस दर्दनाक हादसे से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

Saturday, 30 May 2026

साइबर अपराधों से बचाव को लेकर पालिका कार्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 साइबर अपराधों से बचाव को लेकर पालिका कार्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


क्राइम इंस्पेक्टर ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और साइबर सुरक्षा के उपायों की दी विस्तृत जानकारी

शिकारपुर। (अशोक पाठक) नगर पालिका परिषद कार्यालय में शनिवार को साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पालिका अधिकारियों एवं नागरिकों को डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्राइम इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड, बैंक खाते से संबंधित ठगी तथा ओटीपी साझा करने के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने उपस्थित लोगों को सावधान करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय सतर्कता बरतें। उन्होंने बताया कि थोड़ी सी लापरवाही आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है।

क्राइम इंस्पेक्टर ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होती है तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करे तथा नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए। समय रहते शिकायत दर्ज होने पर धनराशि को सुरक्षित कराने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है और प्रत्येक नागरिक को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राजबाला सैनी, अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह, राजेंद्र लोधी, कपिल आर्य, विनय कुमार, सभासद पति वीरेंद्र गर्ग, रंजीत सैनी, सोनू, रामकिशन लोधी, अमित सैनी, राजकुमार सैनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाकर सुरक्षित डिजिटल वातावरण की दिशा में प्रेरित करना रहा। उपस्थित लोगों ने ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

मौसम ने बदली करवट, झमाझम हुई बारिश, गर्मी से मिली राहत

 मौसम ने बदली करवट, झमाझम हुई बारिश, गर्मी से मिली राहत


शिकारपुर। (अशोक पाठक) शनिवार शाम मौसम के अचानक खराब होने से आसमान में काले बादल छाने के बाद बारिश से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। इस दौरान अंधेरा छाने से वाहन चालकों को भी लाइट जलाकर चलना पड़ा वहीं बाजारों में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को भी यहां वहां शरण लेनी पड़ी। नगर में झमाझम बारिश हुई। तेज हवाओं में बारिश के चलते लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाजारों में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को दुकानों में दुकानों के बाहर खड़े होकर बारिश रुकने का इंतजार करना पड़ा। बिजली की गड़गड़ाहट व  तेज बारिश के बीच लोगों को गर्मी से भी राहत मिली। लोग बारिश के बचाव के लिए अपने अपने घरों की ओर दौड़ लगाते नजर आए। नगर में काफी देर तक बारिश का सिलसिला जारी रहा।

जनसेवा के पर्याय अजय लोधी की पहल को मिली सराहना, लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का कलम, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र से हुआ सम्मान

 कलम के प्रहरियों का भव्य अभिनंदन, हिंदी पत्रकारिता दिवस पर सजा सम्मान का गौरवशाली मंच


डिबाई (केपी सिंह चौहान)। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर नगर डिबाई में पत्रकारों के सम्मान में एक भव्य, गरिमामयी एवं प्रेरणादायी समारोह का आयोजन किया गया। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में प्रतिष्ठित पत्रकारों को समर्पित इस आयोजन ने न केवल हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा को स्मरण कराया, बल्कि समाज में पत्रकारों की भूमिका और उत्तरदायित्व को भी नई ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम के आयोजक जनहित के मुद्दों को मुखरता से उठाने वाले, निष्पक्ष छवि के धनी एवं क्षेत्रवासियों के बीच लोकप्रिय समाजसेवी अजय कुमार लोधी रहे, जिनकी इस पहल की सर्वत्र सराहना की गई।


कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार ज्ञान प्रकाश बजाज ने की। समारोह में नगर, तहसील एवं ग्रामीण अंचलों से आए लगभग 30 पत्रकारों का पुष्पमालाएं पहनाकर, कलम भेंट कर, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र प्रदान कर अभिनंदन किया गया। सम्मान समारोह के दौरान पत्रकारों के प्रति सम्मान, आत्मीयता और गौरव का वातावरण देखने योग्य था।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में ज्ञान प्रकाश बजाज ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का संकलन नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाला एक सशक्त वैचारिक माध्यम है। पत्रकार अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक लेखनी के माध्यम से जनभावनाओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज में जागरूकता, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि सत्य की खोज, जनहित की रक्षा और सामाजिक सरोकारों को स्वर देना ही पत्रकारिता की वास्तविक आत्मा है।

कार्यक्रम के आयोजक अजय कुमार लोधी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की रीढ़ हैं। वे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज को शासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। जनसमस्याओं को उजागर करना, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता देना तथा व्यवस्था को जवाबदेह बनाना पत्रकारों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और सशक्त पत्रकारिता ही स्वस्थ एवं मजबूत लोकतंत्र की पहचान होती है।

अजय लोधी का व्यक्तित्व क्षेत्र में एक ऐसे सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में स्थापित है, जो बिना किसी भेदभाव के जनकल्याण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं लोकहितकारी गतिविधियों में उनकी सहभागिता उन्हें जनमानस के बीच विशेष पहचान दिलाती है। यही कारण रहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस पर आयोजित यह समारोह क्षेत्रभर में चर्चा और सराहना का विषय बना रहा।


कार्यक्रम में भाजपा मंडल के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अरुण कुमार सिंघल, मंडल अध्यक्ष मयंक वार्ष्णेय, पूर्व मंडल अध्यक्ष विकास वार्ष्णेय, विपिन माहेश्वरी, आवेश वार्ष्णेय, नरेश सिंघल, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मुकेश चौधरी, उमेश शर्मा, दानपुर मंडल अध्यक्ष दुर्गेश लोधी, पिंटू लोधी, नवाब सिंह गुड्डू, परमानंद, बी.बी. सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बुद्धिजीवी वर्ग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी एवं संयमित संचालन भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष विकास वार्ष्णेय ने किया।

वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बदलते समय में पत्रकारों की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। तथ्यात्मक, विश्वसनीय और निष्पक्ष जानकारी समाज तक पहुंचाकर पत्रकार लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पत्रकारिता समाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनजागरण की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।

समारोह में वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष 30 मई को हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1826 में भारत के प्रथम हिंदी समाचार पत्र ‘उदन्त मार्तण्ड’ का प्रकाशन कोलकाता से पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा किया गया था। यह ऐतिहासिक घटना हिंदी पत्रकारिता की आधारशिला मानी जाती है। तब से लेकर आज तक हिंदी पत्रकारिता ने देश के सामाजिक, सांस्कृतिक, लोकतांत्रिक एवं राष्ट्रीय विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

कार्यक्रम का समापन स्वरुचि भोज एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। उपस्थित पत्रकारों एवं अतिथियों ने आयोजन की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह न केवल पत्रकारों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में पत्रकारिता के प्रति सम्मान, विश्वास और उत्तरदायित्व की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।

बुलंदशहर पहुचीं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग अध्यक्ष बबीता सिंह, बालाजी दरबार में की मंगल आरती

  शिकारपुर (अशोक पाठक) । बुलंदशहर के कृष्णा नगर में स्थित श्री बालाजी महाराज के दिव्य धाम बालाजी दरबार में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग अध्...