Tuesday, 28 July 2026

ईशनपुर के डॉ. राम सिंह बने भारत सरकार में ग्रुप 'ए' वैज्ञानिक, विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने किया सम्मानित

 ईशनपुर के डॉ. राम सिंह बने भारत सरकार में ग्रुप 'ए' वैज्ञानिक, विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने किया सम्मानित


डिबाई(केपी सिंह चौहान)। तहसील क्षेत्र के ग्राम ईशनपुर निवासी युवा वैज्ञानिक डॉ. राम सिंह का भारत सरकार के अधीन तमिलनाडु स्थित प्रतिष्ठित संस्थान में ग्रुप 'ए' राजपत्रित अधिकारी (वैज्ञानिक/सहायक प्रोफेसर) के पद पर चयन होने पर क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर ग्राम ईशनपुर में आयोजित सम्मान समारोह में क्षेत्रीय विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।


विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर वैज्ञानिक बनने का सफर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि डॉ. राम सिंह ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जिससे पूरे डिबाई क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।

डॉ. राम सिंह ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जियोमैग्नेटिज्म, मुंबई से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने इसरो में पोस्ट-डॉक्टोरल शोध किया। साथ ही दक्षिण कोरिया में रिसर्च साइंटिस्ट तथा पुसान नेशनल यूनिवर्सिटी में शोधकर्ता के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में उनका चयन भारत सरकार के अधीन तिरुनेलवेली (तमिलनाडु) में वैज्ञानिक (Scientist/Assistant Professor) के पद पर हुआ है।

समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि डॉ. राम सिंह की सफलता ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरक उदाहरण है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर यह सिद्ध कर दिया कि लगन और मेहनत से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

इस अवसर पर नरोरा चेयरमैन प्रतिनिधि किताब सिंह, डिबाई ब्लॉक प्रमुख पति अनार सिंह, मंडल महामंत्री होशियारी सिंह, मंडल महामंत्री रज्जन लोधी, ग्राम प्रधान मंगल सिंह, प्रेम सिंह, महिपाल सिंह, छत्रपाल सिंह, राहुल लोधी, के.पी. सिंह, सुरेंद्र प्रधान, प्यारेलाल वर्मा,राजवीर सिंह (प्रधान), नत्थू सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Monday, 27 July 2026

राष्ट्रीय विप्र विद्वत् परिषद, जनपद बागपत की नई कार्यकारिणी के सदस्यों का हुआ शपथ ग्रहण समारोह

 राष्ट्रीय विप्र विद्वत् परिषद, जनपद बागपत की नई कार्यकारिणी के सदस्यों का हुआ शपथ ग्रहण समारोह


बागपत (विवेक जैन)। राष्ट्रीय विप्र विद्वत् परिषद, जनपद बागपत की नई कार्यकारिणी के गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन सोमवार को खेकड़ा नगर स्थित संतों के बाड़े के निकट दले राम की हवेली में संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कृष्ण स्वरूप ब्रह्मचारी जी ने शिरकत की। आयोजकों ने आये अतिथियों का माला व पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया। समारोह में संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, ब्राह्मण समाज के गणमान्य लोगों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर नवगठित कार्यकारिणी का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य राजकुमार शास्त्री ने नवगठित कार्यकारिणी को संगठन के सिद्धांतों, समाज सेवा, संस्कृति संरक्षण एवं राष्ट्रहित के कार्यों के प्रति पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई। नई कार्यकारिणी में आचार्य अंबे प्रसाद कौत्स जिला अध्यक्ष ने नीलू शास्त्री एवं मोहित शास्त्री को जिला उपाध्यक्ष, अनिल कुमार गौनियाल को कोषाध्यक्ष तथा नरेंद्र दीक्षित को जिला महामंत्री का दायित्व सौंपा। इसके उपरान्त सभी को शपथ दिलायी गयी। समारोह में आये राष्ट्रीय पदाधिकारियों, ब्राह्मण समाज के गणमान्य लोगों व अतिथियों ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रणव योगी जी, राष्ट्रीय सचिव प्रवीण पुलतस्य जी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष आचार्य उमेश कौशिक जी, 360 ब्राहमण समाज सर्वखाप चौधरी नरेश शर्मा सहित सैंकड़ो ब्राहमण व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Monday, 6 July 2026

न्यूज़ इंडिया न्यूज़ चैनल के पत्रकार पुनीत शर्मा को पितृ शोक, क्षेत्रवासियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

न्यूज़ इंडिया न्यूज़ चैनल के पत्रकार पुनीत शर्मा को पितृ शोक, क्षेत्रवासियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

डिबाई(केपी सिंह चौहान)। नगर के मोहल्ला चौक, दुर्गा प्रसाद निवासी वरिष्ठ समाजसेवी, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष एवं जनप्रिय व्यक्तित्व तेजपाल शर्मा 'पंडाजी' का लगभग 85 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही नगर एवं आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके आवास पर अंतिम दर्शन एवं शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक और पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी पहुंचे।


तेजपाल शर्मा 'पंडाजी' अपने सादगीपूर्ण जीवन, सहज एवं मिलनसार स्वभाव तथा समाज सेवा के प्रति समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित थे। उन्होंने सामाजिक सद्भाव, जनसेवा और मानवीय मूल्यों को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी। अपने विनम्र व्यवहार और जनसंपर्क के कारण उन्होंने नगर के लोगों के बीच विशिष्ट पहचान बनाई। उनके निधन को क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। दिवंगत तेजपाल शर्मा 'पंडाजी' के पुत्र एवं न्यूज इंडिया न्यूज़ चैनल के पत्रकार पुनीत शर्मा को पितृ वियोग पर अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, पत्रकारों, शुभचिंतकों तथा क्षेत्रवासियों ने गहरी संवेदना व्यक्त की। शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Saturday, 20 June 2026

वन विभाग अधिकारियों का अनोखा खेल, लकड़ी ठेकेदारों से अवैध कटान कराने वाले हल्का इंचार्ज को सौंपी जांच,वन संरक्षण नियमों के पालन पर उठे सवाल, शिकायतों पर कार्यवाही न होने से बढ़ रही नाराजगी

वृहस्पतिवार को धरमपुर चौकी क्षेत्र के गांव उदयपुर के नजदीक दों शीशम काटी गई, पेड़ों का अवैध रूप से कटान कराने वाले हल्का इंचार्ज का खुद ही कर रहे अपनी जांच,वाह क्या यह तो वही बात हुई कि दुध की रखवाली करे बिल्ली 
 

डिबाई/क्षेत्रीय संवाददाता।

क्षेत्र में वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। सरकारी एवं संरक्षित वृक्षों की कटान संबंधी शिकायतों के बावजूद अपेक्षित कार्यवाही न होने के आरोपों ने विभागीय व्यवस्था को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। स्थानीय लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों का कहना है कि वन संरक्षण से जुड़े नियमों के पालन को लेकर जमीन पर गंभीरता दिखाई नहीं दे रही।

आरोप है कि विभिन्न क्षेत्रों में पेड़ों की कटान एवं वन संपदा को नुकसान पहुंचाने की शिकायतें समय-समय पर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई गईं, लेकिन कई मामलों में शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित दिखाई दी। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि मौके पर प्रभावी निरीक्षण और जिम्मेदारी तय करने के बजाय शिकायतों को निराधार बताकर बंद करने की प्रवृत्ति देखी जा रही है। 

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि अधीनस्थ अधिकारियों के विरुद्ध शिकायत होने पर उच्च स्तर से अपेक्षित संज्ञान नहीं लिया जाता। इससे शिकायतकर्ताओं में निराशा और अविश्वास की स्थिति बन रही है। लोगों का कहना है कि यदि किसी मामले में जांच होती भी है तो उसके परिणाम सार्वजनिक नहीं किए जाते, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं।

पत्रकारों एवं नागरिकों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को लक्ष्य बनाना नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और कानून के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करना है। उनका मानना है कि यदि शिकायतों पर समयबद्ध और निष्पक्ष जांच हो तथा कार्यवाही की जानकारी सार्वजनिक की जाए तो विभाग के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो सकता है।

क्षेत्रीय नागरिकों ने मांग की है कि वन विभाग के उच्चाधिकारी सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराएं, संबंधित मामलों की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करें तथा यदि कहीं अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमों के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें।

Sunday, 7 June 2026

अहमदगढ़ थाना पुलिस ने खनन माफियाओं पर की बड़ी कार्यवाही 4 ट्रैक्टर ट्रॉली एवं एक मशीन ट्रैक्टर को किया सीज

थाना प्रभारी की खनन माफियाओ को खुली चेतावनी नहीं होने दिया जाएगा बिना परमिशन के क्षेत्र में खनन


शिकारपुर(अशोक पाठक)।  रविवार को अहमदगढ़ थाना पुलिस ने अवैध रूप से मिट्टी का खनन करने वाले 4 ट्रैक्टर ट्राली और एक मिट्टी खोदने वाले ट्रैक्टर मशीन को पकड़ा और अहमदगढ़ थाना पुलिस की कार्यवाही से मिट्टी का खनन करने वालों में मचा हड़कंप। पुलिस ने मिट्टी से भरे 4 ट्रैक्टर ट्राली और (न्यू लोडर) एक मिट्टी खोदने वाले ट्रैक्टर और मशीन को पकड़ कर किये गए सीज।थाना प्रभारी निरीक्षक वीडी गंगवार के सामने खनन माफियाओं की एक नहीं चली सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार और ट्रैक्टर ट्राली पकड़े जाने के बाद सिफारिशों का दौर हुआ शुरू इस मामले में सफेद पोश नेताओं के भी घनघनाते रहे फोन। अहमदगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक बोले बिना परमिशन के थाना क्षेत्र में नहीं होने दिया जाएगा किसी प्रकार का खनन पुलिस ने देर रात सालवानपुर गांव के जंगलों से अवैध मिट्टी का खनन करने वाले 4 ट्रैक्टर ट्रॉली और एक मशीन ट्रैक्टर को पकड़कर सीज कर दिया है।


इस संबंध में अहमदगढ़ थाना प्रभारी का कहना है कि सभी ट्रैक्टर ट्राली और मशीन को सीज कर खनन अधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है। फिलहाल अहमदगढ़ थाना पुलिस की इस कार्यवाही से माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। अहमदगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक ने कहा है कि क्षेत्र में कोई भी अवैध काम नहीं होगा बर्दाश्त करूंगा सख्त कार्यवाही।

Tuesday, 2 June 2026

बुलंदशहर पहुचीं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग अध्यक्ष बबीता सिंह, बालाजी दरबार में की मंगल आरती

 


शिकारपुर (अशोक पाठक) । बुलंदशहर के कृष्णा नगर में स्थित श्री बालाजी महाराज के दिव्य धाम बालाजी दरबार में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश सरकार बबीता सिंह का आगमन हुआ। तत्पश्चात बबीता सिंह एवं उनके भाई अरविंद रावत, परिजनों ने अपने स्वर्गीय पिता रामपाल रावत की पुण्य स्मृति में नमन करते हुए मंदिर प्रांगण में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन अर्चन कर दीप यज्ञ एवं मंगल आरती सम्पन्न की। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग अध्यक्ष, बबीता सिंह का सनातन धर्म के प्रति आस्था एवं श्रद्धा विश्वास बेहद अटूट है। बालाजी दरबार के महंत स्वामी परमदेव महाराज ने बबीता सिंह की  सनातन धर्म के लिए समर्पित विचारधारा को राजनैतिक क्षेत्र में प्रसारित करना राजनैतिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक सभी दृष्टि कोण से बहुत ही सराहनीय बताया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस श्योपाल सिंह, राष्टीय उपाध्यक्ष किसान यूनियन मांगेराम त्यागी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य करणवीर सिरोही, ग्राम प्रधान मनोज चौधरी, राजेंद्र अग्रवाल, सभासद सुनील शर्मा, संजय गोयल, ब्रजेश गर्ग, प्राची गर्ग, नरेश वर्मा, सोवेंद्र गुर्जर, समाजसेवी भरत गौड़, भाजपा नेत्री पूजा गुप्ता, सुमन शर्मा, कुसुम सैनी, कमल मकवाना, संजय शर्मा, आर के गर्ग, आदि सम्मानित गण उपस्थित रहे।

साइकिल चलाएं, बीमारियां भगाएं: सेहत और पर्यावरण की सच्ची साथी बनी साइकिल

चिकित्सक भी दे रहे साइकलिंग की सलाह, फिटनेस के लिए बढ़ा लोगों का रुझान

शिकारपुर। (अशोक पाठक)

विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर साइकिल एक बार फिर लोगों की दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा बनती दिखाई दे रही है। बदलती जीवनशैली, बढ़ते प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बीच लोग फिट रहने के लिए साइकिल का सहारा ले रहे हैं। प्रधानमंत्री द्वारा भी नागरिकों से पेट्रोल-डीजल के उपयोग को कम कर सार्वजनिक परिवहन एवं साइकिल के प्रयोग को बढ़ावा देने की अपील की जा चुकी है। इसके बाद लोगों में साइकिलिंग के प्रति रुचि तेजी से बढ़ी है।


कभी आम आदमी की सवारी मानी जाने वाली साइकिल आज फिटनेस का प्रतीक बन गई है। सुबह और शाम नगर तथा ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग साइकलिंग करते हुए दिखाई देते हैं। चिकित्सकों के अनुसार नियमित साइकिल चलाने से शरीर की मांसपेशियां सक्रिय रहती हैं, रक्त संचार बेहतर होता है और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा भी कम होता है। यही कारण है कि डॉक्टर भी लोगों को प्रतिदिन कम से कम पांच किलोमीटर साइकिल चलाने की सलाह दे रहे हैं।

पर्यावरण संरक्षण में भी निभा रही अहम भूमिका

कोरोना काल के बाद स्वास्थ्य के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ी है। ऐसे में अनेक लोगों ने फिटनेस के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए साइकिल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया है। साइकिल न केवल ईंधन की बचत करती है बल्कि वायु प्रदूषण को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

बीमारी के बाद शुरू की साइकलिंग

नगर निवासी 70 वर्षीय मनवीर शर्मा बताते हैं कि स्वस्थ रहने के लिए वे काफी समय से नियमित रूप से साइकिल चला रहे हैं। वे प्रतिदिन शिकारपुर से पहासू तक साइकिल यात्रा करते हैं। वहीं अजय शर्मा भी प्रतिदिन सुबह साइकिल चलाते हैं। उनका कहना है कि बीमारी के दौरान लोगों ने उन्हें साइकिल चलाने की सलाह दी थी, जिसके बाद उन्होंने इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लिया और अब वे स्वयं को पहले से अधिक स्वस्थ महसूस करते हैं।

मोहल्ला चौक निवासी पंकज शर्मा बताते हैं कि कुछ समय पहले उनका वजन काफी बढ़ गया था। चिकित्सकों और परिचितों की सलाह पर उन्होंने दौड़ लगाने के साथ साइकिल चलाना शुरू किया। धीरे-धीरे यह उनकी आदत बन गई। उनका कहना है कि यदि दो दिन साइकिल न चला पाएं तो शरीर में सुस्ती और अस्वस्थता महसूस होने लगती है।नगर के पहासू रोड और बालाजी मार्केट स्थित साइकिल दुकानों पर आधुनिक गियर वाली साइकिलों की मांग लगातार बढ़ रही है। दुकानदार मुमताज मलिक के अनुसार बाजार में विभिन्न कंपनियों की साइकिलें उपलब्ध हैं, जिनमें गियर वाली साइकिल युवाओं और बच्चों की पहली पसंद बनी हुई हैं। इनकी कीमत लगभग पांच हजार रुपये से लेकर बीस हजार रुपये तक है। भले ही शहरों में मोटरसाइकिल और स्कूटी का चलन बढ़ गया हो, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी साइकिल लोगों की पहली पसंद बनी हुई है। करैना निवासी 70 वर्षीय रामेश्वर बताते हैं कि उनके समय में साइकिल ही सबसे भरोसेमंद और सुलभ साधन हुआ करती थी। आज भी वे साइकिल चलाना पसंद करते हैं और मानते हैं कि नियमित साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है विश्व साइकिल दिवस पर विशेषज्ञों का भी यही संदेश है कि साइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का आधार है। यह सेहत की साथी, प्रदूषण की दुश्मन और पर्यावरण संरक्षण की मजबूत कड़ी है। यदि लोग अपने दैनिक जीवन में साइकिल को शामिल करें तो न केवल उनका स्वास्थ्य बेहतर होगा बल्कि समाज और पर्यावरण को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

भीमपुर दोराहे पर हुआ यात्रा का समापन, छात्र-छात्राओं ने तिरंगे के साथ बढ़ाया उत्साह

  दानपुर से निकली विशाल तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब,देशभक्ति के रंग में रंगा क्षेत्र भीमपुर दोराहे पर हुआ यात्रा का समापन, छात्र-छात्राओ...