39 यूपी बटालियन एनसीसी शिविर में कैडेट्स ने सीखे फायरिंग के गुर
शिकारपुर(अशोक पाठक)। रज्जू भैया सैनिक स्कूल, खंडवाया में 39 यूपी बटालियन एनसीसी खुर्जा द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जा रही है। शिविर के दौरान कैडेट्स को .22 राइफल की खोलने, जोड़ने, साफ-सफाई एवं सुरक्षित फायरिंग के व्यावहारिक गुर सिखाए गए।
करौरा फायरिंग रेंज पर आयोजित प्रशिक्षण सत्र में नायब सूबेदार जय गोपाल सिंह ने कैडेट्स को फायरिंग के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि सटीक निशाने के लिए राइफल पर मजबूत पकड़, सही शारीरिक संतुलन, अनुशासित मुद्रा एवं नियंत्रित ट्रिगर ऑपरेशन बेहद आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक फायरिंग अभ्यास किया तथा सैन्य अनुशासन की बारीकियों को समझा।
शिविर में प्रतिदिन योग एवं ड्रिल का अभ्यास भी कराया जा रहा है। कैडेट्स अनुशासन एवं जोश के साथ प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लेकर अपने शारीरिक और मानसिक विकास को मजबूत बना रहे हैं। एनसीसी अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर युवाओं में देशभक्ति, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं अनुशासन की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।














