Saturday, 17 January 2026

सम्पूर्ण समाधान दिवस में आईं 55 शिकायतें, 2 का मौके पर निस्तारण

 सम्पूर्ण समाधान दिवस में आईं 55 शिकायतें, 2 का मौके पर निस्तारण


डिबाई (केपी सिंह चौहान)। तहसील सभागार में जिलाधिकारी श्रृति की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 55 शिकायतें फरियादियों द्वारा दर्ज कराई गईं। इनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस प्रशासन से संबंधित प्रकरणों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह ने उपस्थित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा पक्षपात को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक संख्या राजस्व विभाग से संबंधित मामलों की रही। इसके अतिरिक्त पुलिस, सिंचाई विभाग, वन विभाग, नगरपालिका, चिकित्सा एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं भी फरियादियों द्वारा अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न सर्किलों के क्षेत्राधिकारी (सीओ), थानाध्यक्ष, सिंचाई विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, चिकित्सा विभाग के अधिकारी, नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ), तहसीलदार सहित तहसील क्षेत्र के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाएगा, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित किया जा सके।

चौकी गंगाघाट का उद्घाटन, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में प्रशासन का सशक्त कदम

 चौकी गंगाघाट का उद्घाटन, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में प्रशासन का सशक्त कदम


डिबाई(के.पी.सिंह चौहान)। थाना रामघाट क्षेत्र अंतर्गत नवनिर्मित चौकी गंगाघाट का विधिवत लोकार्पण जिलाधिकारी श्रुति (आईएएस) द्वारा किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह (आईपीएस) की गरिमामयी उपस्थिति रही जिससे कार्यक्रम की महत्ता और बढ़ गई।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. तेजवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी प्रखर पांडे तथा थाना प्रभारी रामघाट संदीप कुमार भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण कर चौकी भवन का निरीक्षण किया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।


अधिकारियों ने कहा कि चौकी गंगाघाट के संचालन से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। अपराध नियंत्रण, त्वरित शिकायत निस्तारण तथा आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने में यह चौकी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह पहल शासन एवं पुलिस प्रशासन की जन-सुरक्षा, पारदर्शिता और उत्तरदायी पुलिसिंग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित पुलिसकर्मियों को शासन की मंशा के अनुरूप कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने, आमजन के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार रखने तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान नरौरा थाना प्रभारी गंगा प्रसाद आर्य, डिबाई थाना प्रभारी रवि रजत, डिबाई उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मनीष कुमार, चौकी गंगाघाट प्रभारी आशीष कुमार सहित स्थानीय नागरिक एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।

नवागंतुक सीओ मधुप कुमार सिंह ने संभाला कार्यभार, अवैध धंधों पर सख्ती के संकेत

 नवागंतुक सीओ मधुप कुमार सिंह ने संभाला कार्यभार, अवैध धंधों पर सख्ती के संकेत


डिबाई (केपी सिंह चौहान)। नवागंतुक क्षेत्राधिकारी (सीओ) मधुप कुमार सिंह ने शनिवार को औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपने सर्किल क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध धंधों में संलिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। अवैध खनन, जुआ-सट्टा, शराब तस्करी सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।सीओ मधुप कुमार सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं आपसी सौहार्द कायम रखने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्त, चेकिंग अभियान तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनकी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी, जिससे आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके। सीओ ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनता के साथ मित्रवत व्यवहार करते हुए कानून का निष्पक्ष एवं प्रभावी पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्यवाही की जा सके और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।

Saturday, 3 January 2026

बाबूजी कल्याण सिंह की जयंती पर 251 जरूरतमंदों को कंबल वितरित

बाबूजी कल्याण सिंह की जयंती पर 251 जरूरतमंदों को कंबल वितरित


डिबाई (के.पी. सिंह चौहान)। तहसील क्षेत्र के ग्राम उमरारी स्थित श्री लाल सिंह नारायणी देवी मेमोरियल हाई स्कूल में हिन्दू हृदय सम्राट, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बाबूजी कल्याण सिंह की जन्म जयंती के पावन अवसर पर सेवा, समर्पण और मानवता से ओत-प्रोत एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वर्गीय नारायणी देवी पत्नी लाल सिंह की पुण्य स्मृति में धन सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी विमला देवी तथा समस्त परिवार के सौजन्य से निर्धन, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को 251 कंबलों का वितरण किया गया। साथ ही आगंतुकों एवं जरूरतमंदों के लिए भोजन-प्रसादी की समुचित व्यवस्था भी की गई।


कंबल वितरण कार्यक्रम विद्यालय के संचालक पुनीत लोधी के नेतृत्व में सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य शीत ऋतु के दौरान गरीब एवं बेसहारा वर्ग को राहत प्रदान करना था। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों ने सहभागिता की और कंबल प्राप्त कर संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय प्रकाश मथुरिया द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।


इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष धन सिंह ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करना ही सच्ची मानवता और महान विभूतियों को दी जाने वाली वास्तविक श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि बाबूजी कल्याण सिंह ने अपने सम्पूर्ण जीवन में सामाजिक समरसता, राष्ट्रहित और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, जिनसे आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।


कार्यक्रम में विमला देवी, शंभू सिंह लोधी, भू-प्रकाश बजाज, बजरंग दल के योगेंद्र सिंह, ओंकार सिंह लोधी, मीनू सिंह, रीना सिंह, नरेंद्र सिंह, डोरी सिंह, देवेंद्र सिंह, संजय सिंह (प्रबंधक) सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर प्रसन्नता और संतोष स्पष्ट रूप से झलक रहा था। यह आयोजन सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदना और सेवा भावना का एक अनुकरणीय उदाहरण सिद्ध हुआ।

Saturday, 27 December 2025

तहसील पत्रकारों की समस्याओं को लेकर डिबाई विधायक को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन

 तहसील पत्रकारों की समस्याओं को लेकर डिबाई विधायक को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन


डिबाई(केपी सिंह चौहान)। ग्रामीण पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, डिबाई इकाई द्वारा माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम एक ज्ञापन स्थानीय विधायक माननीय चंद्रपाल सिंह लोधी को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की सामाजिक, आर्थिक एवं व्यावसायिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने अवगत कराया कि यह संगठन प्रदेश का सबसे बड़ा पत्रकार संगठन है, जो वर्तमान में 18 मंडलों, 75 जनपदों एवं 551 तहसीलों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इसके बावजूद ग्रामीण अंचलों में कार्यरत पत्रकारों को अब तक अपेक्षित सरकारी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं, जिससे उन्हें अनेक कठिन परिस्थितियों में पत्रकारिता करनी पड़ रही है। ज्ञापन में प्रमुख मांगों के रूप में तहसील स्तर पर संवाददाताओं को मान्यता प्रदान करने, पत्रकार हितों की रक्षा हेतु जिला, मंडल एवं तहसील स्तर पर स्थायी समितियों का गठन, ग्रामीण पत्रकारों को आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड एवं उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा, प्रदेश स्तरीय पत्रकार मान्यता एवं विज्ञापन समितियों में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को शामिल करने, लखनऊ स्थित दारुलशफा में संगठन को निःशुल्क कार्यालय उपलब्ध कराने, ग्रामीण पत्रकार आयोग के गठन तथा पत्रकारों पर प्राथमिकी दर्ज करने से पूर्व सक्षम राजपत्रित अधिकारी से जांच कराए जाने जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल रहीं। इस अवसर पर विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि पत्रकारों की सभी मांगों को मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा तथा उचित स्तर पर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान तहसील अध्यक्ष केपी सिंह चौहान, उपाध्यक्ष शफीकुर्ररहमान, सचिव हरिओम, मीडिया प्रभारी पवन शर्मा, कोषाध्यक्ष नीरज अग्रवाल, उपसचिव बोबी लाल, सह-कोषाध्यक्ष गोबिंद, सोशल मीडिया प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि सरकार ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर ठोस कदम उठाएगी, जिससे पत्रकार निर्भीक होकर समाजहित में अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

Monday, 22 December 2025

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी की शिष्टाचार भेंट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी की शिष्टाचार भेंट





डिबाई क्षेत्र के विकास कार्यों व जनहित मुद्दों पर हुई सकारात्मक चर्चा

डिबाई(केपी सिंह चौहान)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज से मंगलवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर जनपद बुलन्दशहर के डिबाई विधान सभा क्षेत्र के विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने शिष्टाचार भेंट की। यह भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसमें क्षेत्रीय विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा डिबाई क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।भेंट के दौरान विधायक लोधी ने मुख्यमंत्री को डिबाई विधान सभा क्षेत्र की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से संबंधित विषयों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए आगामी आवश्यकताओं पर भी विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज ने विधायक द्वारा प्रस्तुत सुझावों एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ-सबका विकास के संकल्प के साथ प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित विकास हेतु प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष डिबाई मयंक वार्ष्णेय, भाजपा मण्डल अध्यक्ष नरौरा परमानन्द निषाद, भाजपा मण्डल अध्यक्ष दानपुर पिन्टू लोधी तथा भाजपा मण्डल अध्यक्ष डिबाई देहात मुकेश लोधी भी उपस्थित रहे। सभी भाजपा पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने के विषय में भी विचार साझा किए। भेंट के उपरांत उपस्थित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और डिबाई विधान सभा क्षेत्र को भी इसका समुचित लाभ मिल रहा है।

प्रपोत्र के जन्मदिवस पर कस्तूरबा विद्यालय में कंबल वितरण, चन्द्रभान गोयल की मानवीय पहल बनी सेवा, करुणा और संवेदना की मिसाल

प्रपोत्र के जन्मदिवस पर कस्तूरबा विद्यालय में कंबल वितरण,

 चन्द्रभान गोयल की मानवीय पहल बनी सेवा, करुणा और संवेदना की मिसाल

डिबाई(केपी सिंह चौहान)। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में सेवा, सहानुभूति और सामाजिक दायित्व का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए चन्द्रभान गोयल ने अपने प्रपोत्र अनभ गोयल के जन्मदिवस के शुभ अवसर को मानवीय संवेदना के साथ मनाया। इस अवसर पर वे कस्तूरबा विद्यालय पहुँचे, जहाँ उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत समस्त छात्र-छात्राओं को स्नेहपूर्वक कंबल वितरित किए। कड़ाके की ठंड के मौसम में बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया यह सेवा कार्य विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ। कंबल पाकर बच्चों के चेहरों पर प्रसन्नता और आत्मीयता की झलक स्पष्ट दिखाई दी। गोयल ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का संदेश भी दिया। चन्द्रभान गोयल की इस मानवीय पहल ने न केवल जरूरतमंद विद्यार्थियों को राहत पहुँचाई, बल्कि समाज में परोपकार, करुणा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी सुदृढ़ किया। विद्यालय परिवार ने इस पुनीत कार्य के लिए गोयल परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। विद्यालय परिसर में उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं अभिभावकों ने भी इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि जन्मदिवस जैसे शुभ अवसरों को सेवा कार्यों से जोड़ना आज के समय में अत्यंत सराहनीय कदम है, जिससे समाज में सकारात्मक सोच और सहयोग की भावना विकसित होती है।कार्यक्रम के समापन पर सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि अनभ गोयल दीर्घायु हों, उत्तम स्वास्थ्य के साथ उज्ज्वल भविष्य की ओर निरंतर अग्रसर हों तथा गोयल परिवार सदैव इसी प्रकार समाजसेवा और जनकल्याण के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहे।



यह आयोजन निश्चय ही समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरा है।


महाशिवरात्रि कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर रामघाट थाना परिसर में बैठक

 महाशिवरात्रि कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर रामघाट थाना परिसर में बैठक डिबाई (केपीसिंह चौहान)।  आगामी महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर रामघाट...